नजदीक में धान विक्रय की सुविधा मिलने से किसानों को मिलेगी राहत, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव।, माकड़ी विकासखंड के ग्राम इंगरा में शनिवार, 14 नवंबर को नवीन धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ किया गया। कोंडागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने विधिवत रूप से केंद्र का उद्घाटन किया। नए धान खरीदी केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा।
किसानों को मिलेगी नजदीक में धान बेचने की सुविधा
शुभारंभ अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने क्षेत्र के किसानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्राम इंगरा में नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से आसपास के गांवों के किसानों को काफी सुविधा मिलेगी। अब किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे उनके समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा धान विक्रय की प्रक्रिया भी आसान होगी।
कई गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से इंगरा सहित आसपास के कई गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। किसानों को अपने गांव के नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होने से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल रहा। शुभारंभ कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, श्री दीपेश अरोरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रदमा सुंदर बघेल, श्री अनिल अग्रवाल, जनपद सदस्यगण सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








