आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर हुई कार्रवाई, हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर सहित नक्सल सामग्री जब्त
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी इलाके से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और माओवादियों द्वारा डम्प कर रखी गई अन्य सामग्रियां बरामद की हैं। बरामद सामग्री में एक हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, बैटरी, टिफिन सहित लगभग 36 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री शामिल है।
आत्मसमर्पित माओवादियों की निशानदेही पर चला अभियान
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज बद्रीनारायण मीणा एवं पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन में जिले में लगातार नक्सल उन्मूलन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन, एसडीओपी मर्दापाल नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण तथा डीएसपी (ऑप्स) सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स एवं बीडीएस की संयुक्त टीम रवाना हुई।
बेड़मा के जंगलों में दो स्थानों से बरामदगी
संयुक्त टीम ने थाना पुंगारपाल क्षेत्र के ग्राम हांदापाल, देवडोंगरी, बेड़मा, मरकामपाल, छितपानी एवं आसपास के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में अभियान चलाया। इस दौरान ग्राम बेड़मा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षित तरीके से कॉर्डन सर्च एवं डी-माइनिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री एवं अन्य सामान बरामद किए गए।
हैंड ग्रेनेड, जिलेटिन रॉड और विस्फोटक सामग्री जब्त
पुलिस द्वारा बरामद सामग्री में 01 हैंड ग्रेनेड, 02 जिलेटिन रॉड, लगभग 25 मीटर कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर के 04 बंडल (लगभग 200 मीटर), 03 किलोग्राम सल्फर, 04 किलोग्राम सोडियम नाइट्रेट तथा 14 नग छोटे-बड़े टिफिन शामिल हैं।
इसके अलावा 01 वॉकी-टॉकी चार्जर, 01 मल्टीमीटर, लगभग 50 मीटर रस्सी, 07 सिरिंज, एक बड़ी टिन पेटी, 11 बैटरी सेट, 02 पेंचकस, 04 बैडमिंटन रैकेट, 03 रबर रिंग और 05 जोड़ी जूते-चप्पल भी बरामद किए गए हैं।
तीन टिफिन में मिली 29.65 किलोग्राम सामग्री
पुलिस के अनुसार, तीन अलग-अलग टिफिन में ऑयल, यूरिया, सल्फर एवं सोडियम मिश्रित सामग्री भी मिली है। इनका वजन क्रमशः लगभग 9.1 किलोग्राम, 9.2 किलोग्राम एवं 11.35 किलोग्राम, कुल 29.65 किलोग्राम है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई से नक्सल गतिविधियों को झटका
इस पूरी कार्रवाई में नक्सल सेल, डीआरजी/बस्तर फाइटर्स एवं बीडीएस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और नक्सल उन्मूलन अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।








