लता उसेंडी बोलीं– प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को मिल रही नई पहचान, जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष को किया याद
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आदिम जाति विकास विभाग द्वारा बुधवार, 18 नवंबर को जिला मुख्यालय कोंडागांव में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के प्रमुखों, मांझी-चालकी, गायता-पुजारियों सहित बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर महापुरुषों के बलिदान, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को याद करते हुए नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ना रहा।
जनजातीय महापुरुषों के योगदान को नई पहचान मिल रही है – लता उसेंडी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान नायकों को नमन करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने अपनी संस्कृति, अस्मिता और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया है। उनके विचारों और योगदान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई, जिससे देशभर में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और योगदान को व्यापक पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने हजारों वर्षों से अपनी बोली-भाषा, रीति-रिवाजों और मौखिक परंपराओं को सुरक्षित रखा है। यह समाज की विशिष्ट पहचान है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय मंत्रालय के गठन को भी समाज के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिले में लगभग 60 हजार वन अधिकार पट्टों का वितरण
सुश्री उसेंडी ने बताया कि कोंडागांव जिले में लगभग 60 हजार वन अधिकार पट्टों का वितरण किया गया है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि जंगल और प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं। यदि जीवनयापन के लिए एक पेड़ काटना पड़े तो उसके बदले अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के नए भवन निर्माण की सौगात मिली है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए जनजातीय महापुरुषों का संघर्ष प्रेरणास्रोत – नीलकंठ टेकाम
कार्यक्रम में केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि जनजातीय समाज ने अनेक ऐतिहासिक चुनौतियों और बाहरी आक्रमणों के बावजूद अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और परंपराओं को संरक्षित रखा है। रानी दुर्गावती, शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह, शहीद गुंडाधुर और भगवान बिरसा मुंडा जैसे महान नायकों ने मातृभूमि, संस्कृति और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद बस्तर में शांति और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है। अब शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ने का अवसर है। कोंडागांव जिले में मक्का प्रसंस्करण संयंत्र से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। वहीं एकलव्य विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं।
आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहें युवा – नरपति पटेल
नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष कर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए अपनी संस्कृति और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखा है। आधुनिकता और तकनीकी विकास के साथ आगे बढ़ते हुए युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना चाहिए।
उन्होंने बस्तर ओलंपिक का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
जनजातीय संस्कृति और विरासत को संरक्षित करना सामूहिक जिम्मेदारी – कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, मांझी-चालकी एवं गायता-पुजारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस समाज की भाषा, संस्कृति, परंपरा और विरासत को संरक्षित करने तथा आगे बढ़ाने के संकल्प का अवसर है।
उन्होंने बताया कि जिले की लिंगो नृत्य टीम ने धरमजयगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। उन्होंने जनजातीय संस्कृति को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में समाज प्रमुखों एवं पारंपरिक पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की।
लोकनृत्य और गीतों की प्रस्तुति ने मोहा मन, खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न नर्तक दलों एवं लोक कलाकारों ने पारंपरिक जनजातीय नृत्य और गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरा आयोजन जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के रंग में सराबोर नजर आया।
वहीं राष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। साथ ही युवाओं से शिक्षा, खेल और विकास के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, श्री मनोज जैन, श्री जितेन्द्र सुराना, श्री हरपाल सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, केशकाल जनपद अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, माकड़ी जनपद अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम, फरसगांव जनपद अध्यक्ष श्री मानकु नेताम, बड़ेराजपुर जनपद अध्यक्ष श्री सुकमन नेताम, नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी सहित जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई एवं आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री कृपेन्द्र तिवारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख, मांझी-चालकी एवं गायता-पुजारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।








