ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया जा रहा है।
बंधा तालाब उद्यान में जले 25 हजार दीप
अभियान के तहत गुरुवार शाम जिला मुख्यालय स्थित बंधा तालाब उद्यान में ‘आशीर्वाद के दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य कार्यक्रम में 25 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
जिलेभर में लगभग 3 लाख 51 हजार से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिला मुख्यालय के अलावा विकासखंडों, ग्राम पंचायतों, प्रमुख पर्यटन स्थलों, महतारी सदनों, अटल डिजिटल केंद्रों, प्रधानमंत्री आवासों, अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों एवं शासकीय कार्यालयों में भी दीप जलाए गए।
नक्सल प्रभावित गांवों से लेकर शहीद स्मारकों तक रोशन हुए दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत उन गांवों को भी विशेष रूप से जोड़ा गया, जहां पूर्व में बड़ी नक्सल घटनाएं हुई हैं अथवा जहां उल्लेखनीय सफलताएं हासिल की गई हैं। इसके अलावा शहीद स्मारकों, प्रतिमा स्थलों एवं सुरक्षा कैंपों में भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
एक साथ प्रज्ज्वलित हुए हजारों दीपों ने जिले की एकजुटता, सेवा भावना और विकसित भारत 2047 के संकल्प को अभिव्यक्त किया।
‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : लता उसेंडी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र सेवा और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से बस्तर माओवाद से मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति कर रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ जैसी पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने के अवसर मिले हैं। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ : नरपति पटेल
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा एवं समर्पण की भावना को आगे बढ़ाते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।
पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश सेवा और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा के माध्यम से प्रधानमंत्री ने भारत को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, दीपेश अरोरा, जितेन्द्र सुराना, मनोज जैन, गोपाल दीक्षित, अनिल अग्रवाल, जैनेन्द्र ठाकुर, अश्विनी पांडे सहित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








