ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, कोंडागांव पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को प्रार्थी संजु कोर्राम ने थाना कोंडागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पुरानी रंजिश को लेकर चार युवकों ने धान मंडी स्थित शिव मंदिर के पास उसके छोटे भाई शक्ति कोर्राम पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद शक्ति कोर्राम के पेट, कमर और जांघ पर चाकू से वार किया तथा उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
रिपोर्ट के आधार पर थाना कोंडागांव में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा, एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
घेराबंदी कर चारों आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सभी आरोपी बाजारपारा क्षेत्र में मौजूद हैं और फरार होने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मोहम्मद रेहान (19), अभिषेक यादव (18), आयुष भण्डारी (20) और टिकम सोनी (18) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी टिकम सोनी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त कर लिया। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक अखिलेश धीवर, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र देहारी तथा साइबर सेल के आरक्षक संतोष कोड़ोपी की विशेष भूमिका रही।








