Buy Advt. Space

धान खरीदी की तैयारियों को लेकर समिति पदाधिकारियों और ऑपरेटरों को दिया गया प्रशिक्षण

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आगामी धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार, 12 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले की संबंधित समितियों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को धान उपार्जन से जुड़ी प्रक्रियाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में समिति अध्यक्ष, समिति प्रबंधक, खरीदी प्रभारी, बारदाना प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हुए।

खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधाओं पर विशेष जोर

प्रशिक्षण सत्र में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने अधिकारियों एवं समिति पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं।

उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ संचालित की जाए।

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को मिलेगी सहायता राशि

प्रशिक्षण के दौरान शासन की महत्वाकांक्षी कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत किसान निर्धारित अधिकतम उपार्जन सीमा से कम मात्रा में धान बेचने पर भी शेष मात्रा के लिए देय अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि के लाभ से वंचित नहीं होंगे।

योजना के प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम उपार्जन सीमा 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान अथवा धान बीज का विक्रय करता है, तब भी उसे उसके बोए गए संपूर्ण सत्यापित रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से सहायता राशि प्राप्त होगी।

किसानों को आर्थिक सुरक्षा और राहत देने पर जोर

अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना और योजना का लाभ सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से समिति पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना के प्रावधानों की सही जानकारी देकर किसानों तक इसका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे उपस्थित

प्रशिक्षण कार्यक्रम में खाद्य विभाग के अधिकारी नवीन श्रीवास्तव, सहकारिता विभाग के अधिकारी उदय ठाकुर, जिला विपणन अधिकारी लोकेश देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment