Buy Advt. Space

कोंडागांव में मनाया गया विधिक सेवा दिवस, जरूरतमंदों तक न्याय पहुंचाने पर दिया गया जोर

By

न्याय सबके लिए की भावना के साथ आयोजित हुआ कार्यक्रम, निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोंडागांव, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशानुसार जिला न्यायालय परिसर कोंडागांव में विधिक सेवा दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी के नेतृत्व एवं गरिमामयी उपस्थिति में 9 नवंबर को न्यायालय के मध्यस्थता कक्ष में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना, आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार : रिगरी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री खिलावन राम रिगरी ने कहा कि न्याय प्राप्त करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। आर्थिक कमजोरी, अशिक्षा अथवा सामाजिक परिस्थितियों के कारण कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। विधिक सेवा प्राधिकरण का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की रोशनी पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को न्याय प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकार मित्रों एवं अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को उनके अधिकारों और विधिक सेवाओं की जानकारी देकर न्याय व्यवस्था से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

विधिक जागरूकता से ही अन्याय के विरुद्ध लड़ाई संभव : चंद्रा

इसी क्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री विक्रम प्रताप चंद्रा ने कहा कि केवल कानूनों का निर्माण होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उन कानूनों की जानकारी होना भी जरूरी है। विधिक जागरूकता शोषण, अन्याय एवं अधिकारों के उल्लंघन के विरुद्ध सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

अधिकार मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण

श्री चंद्रा ने अधिकार मित्रों को विधिक सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि वे शासन एवं न्याय व्यवस्था की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करते हैं। उनके माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय प्राप्त करने के उपलब्ध विकल्पों की जानकारी मिलती है।

अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के संरक्षक श्री तिलक पांडे, अधिवक्ता श्री गोपाल दीक्षित, श्री प्रशांत दत्ता, श्री सुरेंद्र भट्ट एवं श्री प्रशांत मिश्रा सहित कोंडागांव जिले के समस्त अधिकार मित्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment