रस्साकशी प्रतियोगिता से हुआ शुभारंभ, बड़े राजपुर की महिला टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, बड़े कनेरा रोड स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण मैदान में मंगलवार, 17 नवंबर को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के पांचों विकासखंडों से करीब 1340 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। विभिन्न खेल विधाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
रस्साकशी प्रतियोगिता से हुआ खेलों का आगाज
बस्तर ओलंपिक की शुरुआत रस्साकशी प्रतियोगिता से हुई। सीनियर महिला वर्ग में बड़े राजपुर और कोंडागांव की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। इसमें बड़े राजपुर की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खेलों से युवाओं को मिल रहा आगे बढ़ने का अवसर : नरपति पटेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष बस्तर ओलंपिक का आयोजन होना खुशी और गौरव की बात है। प्रधानमंत्री के संकल्प तथा केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सुदूर अंचलों के युवा खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बस्तर अब अपनी अपार संभावनाओं के साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है। खेल में हार अंत नहीं होती, बल्कि यह नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने और प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
खिलाड़ियों को मिले बेहतर मंच और अवसर : जसकेतु उसेंडी
नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को मैदान और कलाकारों को मंच की आवश्यकता होती है। बस्तर ओलंपिक दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवाओं को अपनी प्रतिभा सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
बस्तर के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान : दीपेश अरोरा
राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का उचित मंच मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि कोंडागांव जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बस्तर ओलंपिक का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
मुख्यमंत्री के विजन से दूरस्थ अंचलों के युवाओं को मिल रहा अवसर
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। बस्तर ओलंपिक इसी सोच को धरातल पर उतारने वाली महत्वपूर्ण पहल है।
खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित हो रही है। साथ ही उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर भी मिल रहा है।
पांचों विकासखंडों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में कोंडागांव जिले के पांचों विकासखंडों के खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी संभागीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, श्री कुलवंत सिंह चहल, श्री नागेश देवांगन, श्री अविनाश सोरी, श्री शीतल पटेल, खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।








