ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव।कोंडागांव, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय में बस स्टॉपेज व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में जिले के बस संचालकों, उनके प्रतिनिधियों तथा ऑटो चालक संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अनाधिकृत स्थानों पर बस रोकने पर रोक
बैठक में बस संचालकों को निर्देश दिए गए कि शहर के भीतर केवल निर्धारित बस स्टॉपेज पर ही बसों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए। अनाधिकृत स्थानों पर बस रोककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों की सुविधा और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा हुई।
चार स्थानों को बनाया गया अधिकृत बस स्टॉपेज
बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर के भीतर बसें केवल मर्दापाल चौक, बंधा गार्डन, गांधी चौक और रायपुर नाका स्थित निर्धारित बस स्टॉपेज पर ही रुकेंगी। इसके अलावा किसी भी अन्य स्थान पर बस रोककर सवारी चढ़ाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित व्यवस्था का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों और वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी रामकुमार ध्रुव, थाना कोतवाली प्रभारी सौरभ उपाध्याय, यातायात प्रभारी मुकेश जोशी तथा नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अशोक साहू सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








