ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बस्तर मुन्ने कार्यक्रम पर जोर
कलेक्टर ने बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गांववार सर्वे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश सभी जनपद पंचायत सीईओ को दिए। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य जांच अभियान तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों और आश्रम-छात्रावासों में भी स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
लेप्रोसी के चिन्हांकित मरीजों के इलाज के साथ प्रभावित क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जन्म प्रमाण पत्र और पहचान दस्तावेजों पर सख्ती
जिला चिकित्सालय में लंबित जन्म प्रमाण पत्र के मामलों को लेकर कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
इसके साथ ही आधार कार्ड और अपार आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए।
खाद की उपलब्धता और कालाबाजारी पर नजर
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने के लिए नियमित जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
राशन वितरण और धान उठाव की समीक्षा
उचित मूल्य दुकानों में राशन भंडारण और धान उठाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि वितरण व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान और जल जीवन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने ई-ऑफिस के बेहतर संचालन पर भी जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत के सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।








