स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के राष्ट्रीय मंच पर गूंजा बस्तर का लोक संगीत और मांदरी नृत्य, नक्सलवाद से विकास तक की दिखाई गई बदलते बस्तर की तस्वीर
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव/केवड़िया, गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ में छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग की समृद्ध जनजातीय संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन में कोण्डागांव जिले के 70 कलाकारों के दल ने अपनी लोककला, संगीत, पारंपरिक नृत्य और नाट्य प्रस्तुति से देशभर से पहुंचे पर्यटकों एवं अतिथियों का ध्यान आकर्षित किया।
बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप ने बिखेरा लोककला का रंग
इस आयोजन में कोण्डागांव जिले से पहुंचे ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 70 कलाकारों ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से आयोजन स्थल को बस्तर की संस्कृति के रंग में रंग दिया। लोक गायक सिद्धार्थ महाजन के मार्गदर्शन में तैयार सांस्कृतिक प्रस्तुति में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के कलाकारों का भी जुड़ाव रहा। वहीं भूपेंद्र साहू के विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग से लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का प्रभावशाली संगम देखने को मिला।
प्रधानमंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की रही मौजूदगी
भारत पर्व 2026 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रिमंडल के सदस्यों तथा विभिन्न राज्यों के संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस राष्ट्रीय मंच पर बस्तर के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत को प्रस्तुत किया।
नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास तक दिखाई बस्तर की तस्वीर
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बस्तर में हो रहे बदलावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही। कलाकारों ने मंचन के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार नक्सलवाद के कारण प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं।
प्रस्तुति में पक्की सड़कों, पुल-पुलियों, स्कूलों और कॉलेजों के निर्माण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता को दर्शाया गया। इसके माध्यम से आदिवासी समुदाय के जीवन में लौटती शांति, खुशहाली और नई उम्मीदों का संदेश दिया गया।
मांदरी नृत्य की थाप पर झूमे दर्शक
बस्तर की पारंपरिक लोक संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए कलाकारों ने मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर मनमोहक मांदरी लोक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा और सामूहिक नृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पवेलियन में बस्तर के पारंपरिक बाँस शिल्प और हस्तकलाओं का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे पर्यटकों एवं कला प्रेमियों ने सराहा।
राष्ट्रीय मंच पर कोण्डागांव के कलाकारों को मिली पहचान
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप आयोजित भारत पर्व 2026 में कोण्डागांव के 70 कलाकारों की सहभागिता जिले के कला जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से न केवल बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, बल्कि क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों को भी राष्ट्रीय मंच पर सामने रखा।
इस आयोजन से बस्तर की लोककला, पारंपरिक संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प को व्यापक पहचान मिली है। कोण्डागांव के कलाकारों की इस सहभागिता से पूरे बस्तर संभाग में उत्साह और गौरव का माहौल है।








