ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । छत्तीसगढ़ शासन की अपर मुख्य सचिव एवं सचिव, वन विभाग श्रीमती ऋचा शर्मा ने शनिवार को केशकाल वन मंडल के अंतर्गत विभिन्न तेंदूपत्ता फड़ों और समितियों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संग्रहण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
विभिन्न फड़ों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान चिंगनार समिति के फड़ गोहड़ा, बड़ेडोंगर समिति के फड़ ‘अ’ एवं ‘ब’, फरसगांव समिति के फड़ फरसगांव तथा बहीगांव समिति के फड़ मस्सूकोकोड़ा का भ्रमण किया गया। यहां तेंदूपत्ता की गुणवत्ता, गड्डियों की संख्या और संग्रहण कार्य का सूक्ष्म अवलोकन किया गया।
अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
श्रीमती शर्मा ने मौके पर उपस्थित फड़ मुंशी, अभिरक्षक, प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों से चर्चा कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
खरीदी लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति
जिला वनोपज सहकारी संघ मर्यादित केशकाल के अंतर्गत 28,500 मानक बोरा के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 8,657.545 मानक बोरा तेंदूपत्ता की खरीदी की जा चुकी है। संग्रहण कार्य लगातार जारी है और सॉफ्टवेयर के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया भी संचालित हो रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान राज्य लघु वनोपज संघ रायपुर की अपर प्रबंध संचालक श्रीमती संजीता गुप्ता, कैम्पा रायपुर के संयुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री लक्ष्मण सिंह, कांकेर वन वृत्त के मुख्य वन संरक्षक श्री राजेश कुमार चंदेले सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक धरोहर का भी किया अवलोकन
निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने केशकाल क्षेत्र के गोब्राहीन स्थित प्राचीन शिवलिंग का दर्शन किया और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर बल दिया।
गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन पर फोकस
इस निरीक्षण के माध्यम से तेंदूपत्ता संग्रहण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ-साथ शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।








