ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। केशकाल। थाना केशकाल पुलिस ने एक महिला को लगातार परेशान करने, केस वापस लेने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में अनाचार एवं ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज था और जेल से रिहा होने के बाद वह पुनः पीड़िता से संपर्क कर उसे प्रताड़ित कर रहा था।
मोबाइल पर कर रहा था लगातार संपर्क
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाना केशकाल में शिकायत दर्ज कराई कि अमान विरानी नामक युवक जेल से छूटने के बाद लगातार मोबाइल फोन के माध्यम से उससे संपर्क कर रहा था। आरोपी पूर्व में दर्ज प्रकरण को वापस लेने का दबाव बना रहा था और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था।
कोर्ट खर्च के पैसे भी मांग रहा था आरोपी
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी न्यायालयीन कार्यवाही और कोर्ट-कचहरी में हुए अपने खर्च के पैसे भी पीड़िता से मांग रहा था। आरोपी की लगातार धमकियों और दबाव के कारण पीड़िता ने पुलिस से सहायता की मांग की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन, एसडीओपी केशकाल श्री अरुण नेताम के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक श्री विकास बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए अमान विरानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण में सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को 03 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी
केशकाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराध, धमकी, दबाव और उत्पीड़न संबंधी मामलों में आगे भी सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।








