बटराली चौक NH-30 पर बस का इंतजार कर रहे थे आरोपी, 8 लाख रुपये का गांजा जब्त
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। केशकाल ,अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केशकाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में अवैध गांजा, शराब तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के दौरान 13 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बटराली चौक स्थित एनएच-30 मुख्य मार्ग के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने के उद्देश्य से बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (25 वर्ष), निवासी भीमनगर, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) तथा अशोक (46 वर्ष), निवासी जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर सिद्धार्थ सिंह के नीले रंग के बैग और पान पराग के झोले से गांजा के दो पैकेट बरामद किए गए। वहीं दूसरे आरोपी अशोक के काले रंग के बैग से गांजा का एक पैकेट मिला।
16 किलो गांजा और 8 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने तीनों पैकेटों से कुल 16 किलोग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, ईयरबड्स और नकदी सहित अन्य सामान भी बरामद कर जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखना पाए जाने पर उनके विरुद्ध धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी रितेश मिश्रा, उपनिरीक्षक कंवल सिंह शोरी, धर्मेन्द्र कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्ण जैन, प्रधान आरक्षक ईश्वर नेताम, राकेश जुर्री, आरक्षक मनोहर निषाद, धर्मेन्द्र नेगी, सदासिंह नेताम, लिलेश्वर ध्रुव, अमित मण्डावी, अजय सलाम, रूपेश मरकाम, सहायक आरक्षक उमेश दास मानिकपुरी एवं गोपनीय सैनिक आत्मानंद कुलदीप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








