ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें अपने अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हंगवा में 15 सितंबर को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोण्डागांव श्री खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन और सचिव सुश्री गायत्री साय के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
बाल अधिकार और शिक्षा के अधिकार की दी जानकारी
शिविर में प्रतिधारक अधिवक्ता श्री सुरेंद्र कुमार भट्ट ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार और बाल विवाह की रोकथाम सहित कई कानूनी विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया।
अधिवक्ता ने विद्यार्थियों को कानून के प्रति सजग रहने और अपने अधिकारों की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जानकारी दी गई। अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सावधान रहने सहित साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जागरूक किया गया।
NALSA और SALSA की योजनाओं की जानकारी
शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SALSA) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी और विधिक सेवा योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
विद्यार्थियों को जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क विधिक सहायता और विधिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिक्षक और छात्र-छात्राएं रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री संतोष कुमार सिंह, अधिकार मित्र रंजन कुमार बैध, लोकेश कुमार यादव एवं वासुदेव मरकाम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








