12 क्विंटल धान बरामद, जब्त धान की अनुमानित बाजार कीमत 24 हजार रुपये
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में फरसगांव में प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक गोदाम में छापेमारी कर 30 बोरी अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया है।
कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त टीम की कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम फरसगांव श्री दिलीप कुमार उइके के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
गोदाम से 30 बोरी धान बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृषि उपज मंडी समिति कोण्डागांव की टीम ने फरसगांव में श्री बलि राम कोर्राम के गोदाम में धान के अवैध भंडारण की जांच की। जांच के दौरान गोदाम से कुल 30 बोरी धान बरामद किया गया। जब्त धान का कुल वजन 12 क्विंटल तथा अनुमानित बाजार मूल्य 24 हजार रुपये बताया गया है।
मौके पर नियमानुसार जब्ती पंचनामा तैयार कर धान की सुपुर्दगी की कार्रवाई की गई।
अवैध भंडारण और परिवहन पर रहेगी नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में अवैध धान के भंडारण एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए लगातार जांच और निगरानी जारी रहेगी।
प्रशासन ने किसानों एवं व्यापारियों से धान खरीदी से संबंधित नियमों का पालन करने की अपील की है।








