दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने एक महिला की जान ले ली। छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान अंजली साव (35) के रूप में हुई है, जो भिलाई क्षेत्र की निवासी थी। अंजली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सक्रिय थी और नियमित रूप से रील बनाती थी। बताया जा रहा है कि उसका पति इस बात से नाराज रहता था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
बुधवार को जब घर में बच्चे ट्यूशन गए हुए थे, उसी दौरान अंजली ने यह कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। छावनी थाना पुलिस ने कहा कि परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिले में आत्महत्या के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिससे सामाजिक और पारिवारिक तनाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
BIG BREAKING NEWS;रील बनाने को लेकर विवाद, दुर्ग में पत्नी ने की आत्महत्या








