Buy Advt. Space

दुर्ग सड़क हादसा: “मिस यू पापा” स्टेटस के बाद युवक की दर्दनाक मौत

By

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जामुल थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 जनवरी की देर रात हुए इस हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उसके तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक प्रवीण कुमार (26 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ कार से कंचादूर अपने मित्र प्रशांत मांडले को घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच तिवारी पेट्रोल पंप के सामने कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे खंभे से टकरा गई और पलट गई।

हादसा इतना भीषण कि खुल गए एयरबैग

हादसा इतना भयावह था कि कार के सभी एयरबैग खुल गए। इसके बावजूद प्रवीण कुमार के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार में कुल चार युवक सवार थे, जिनमें से तीन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुपेला का रहने वाला था मृतक

पुलिस के अनुसार, वाहन टक्कर के बाद एक ही बार पलटा था। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। मृतक प्रवीण कुमार सुपेला क्षेत्र का निवासी था।

“मिस यू पापा” स्टेटस ने तोड़ा दिल

इस हादसे को और भी भावुक बना देने वाली बात यह है कि हादसे से कुछ घंटे पहले ही प्रवीण कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए एक भावुक स्टेटस साझा किया था, जिसमें उसने लिखा था—
“मिस यू पापा”
बताया जा रहा है कि स्टेटस डालने के करीब 21 घंटे के भीतर ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल जामुल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a Comment