दुर्ग। दुर्ग रेंज में स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री राम गोपाल गर्ग ने मंगलवार को भिलाई स्थित ICAI सभागार में सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल का औपचारिक शुभारंभ किया।
अब नागरिक भी एक क्लिक में जांच सकेंगे चोरी के वाहन
सशक्त ऐप के पब्लिक मॉड्यूल के लॉन्च होने के बाद अब दुर्ग रेंज के आम नागरिक भी अपने मोबाइल फोन से किसी भी वाहन की चोरी या संदिग्ध स्थिति की जानकारी एक क्लिक में प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही चोरी या संदिग्ध वाहन की सूचना सीधे पुलिस को दे सकेंगे, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
मुख्यमंत्री की पहल, अब आम जनता के लिए भी उपलब्ध
माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा दिसंबर 2024 में प्रदेशभर में सशक्त ऐप का शुभारंभ किया गया था। यह ऐप पहले केवल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उपयोग में था, जिससे पेट्रोलिंग और नाकेबंदी के दौरान चोरी के वाहनों की पहचान की जाती थी। ऐप की सफलता को देखते हुए इसे आम नागरिकों के लिए भी सुगम बनाया गया है।
150 से अधिक चोरी के वाहन बरामद
पुलिस महानिरीक्षक श्री राम गोपाल गर्ग ने बताया कि सशक्त ऐप के माध्यम से पिछले एक वर्ष में दुर्ग रेंज में 150 से अधिक चोरी के वाहनों की सफल बरामदगी की गई है। अब पब्लिक मॉड्यूल के जरिए लगभग 40 लाख नागरिक इस अभियान से जुड़ सकेंगे, जिससे वाहन चोरी पर और प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।
पुलिस-पब्लिक पार्टनरशिप को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल ने कहा कि सशक्त ऐप का पब्लिक मॉड्यूल आमजन की पुलिस कार्यों में भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे आम नागरिक भी सुरक्षा व्यवस्था का सक्रिय हिस्सा बन सकेंगे।
ऐसे करें सशक्त ऐप डाउनलोड
सशक्त ऐप डाउनलोड करने के लिए प्ले स्टोर पर “Sashakt CG Police” सर्च करें।
ऐप डाउनलोड करने के बाद बेसिक जानकारी भरकर रजिस्ट्रेशन करें।
लॉगिन के बाद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर डालकर चोरी या संदिग्ध स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकती है और नजदीकी थाने से संपर्क किया जा सकता है।
टीम को मिला सम्मान
इस ऐप के विकास और सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाली टीम की सराहना करते हुए पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
प्रदेश स्तर पर लागू करने की तैयारी
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा में बताया गया कि यदि यह नवाचार दुर्ग रेंज में सफल रहता है, तो इसे पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ आर्मी पब्लिक फाउंडेशन के जवान, कल्याणी नशा मुक्ति केंद्र, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, सीए भवन के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री अभिषेक झा सहित दुर्ग रेंज के राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंच संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री सुखनंदन राठौर एवं उप निरीक्षक डॉ. संकल्प राय ने किया।








