25 से 29 दिसंबर तक जयंती स्टेडियम भिलाई में होगा भव्य आयोजन
दुर्ग।दिनांक 25 दिसंबर 2025 से 29 दिसंबर 2025 तक जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित होने वाली दिव्य श्री हनुमंत कथा को लेकर दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कथा का वाचन पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मिश्रा (बागेश्वर धाम) के श्रीमुख से किया जाएगा।
लाखों श्रद्धालुओं की संभावना, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
कार्यक्रम में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात
दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में कुल 600 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें
- 30 राजपत्रित अधिकारी,
- 50 निरीक्षक व उप निरीक्षक,
- यातायात पुलिस बल शामिल हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई कमान
सम्पूर्ण कार्यक्रम की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर को प्रभारी अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।
रिहर्सल कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व 24 दिसंबर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल एवं समीक्षा की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
सीसीटीवी, ड्रोन और बीडीएस टीम से निगरानी
कथा स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में
- सीसीटीवी कैमरे,
- ड्रोन कैमरे,
- बीडीएस टीम द्वारा लगातार चेकिंग
की जा रही है।
होटल, लॉज और ढाबों की जांच जारी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए होटल, लॉज एवं ढाबों की भी सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
सादी वर्दी में पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं असामाजिक तत्वों व चोरों पर नजर रखने के लिए कार्यक्रम स्थल पर सादी वर्दी में भी पुलिस बल तैनात किया गया है।
यातायात डायवर्सन प्लान जारी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात डायवर्सन प्लान भी जारी किया गया है, जिससे आवागमन सुचारू बना रहे।








