दुर्ग। दुर्ग नगर यादव महासभा द्वारा सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और वैवाहिक समन्वय को सशक्त बनाने के उद्देश्य से यादव मिलन समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन 11 जनवरी 2026, रविवार को किया जा रहा है। यह आयोजन दोपहर 1:00 बजे से यादव छात्रावास, पचरीपारा, वार्ड क्रमांक-28, दुर्ग में संपन्न होगा। कार्यक्रम के साथ-साथ गीता जयंती भी श्रद्धा एवं गरिमा के साथ मनाई जाएगी।
कार्यक्रम
कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह समाज और प्रदेश के प्रमुख जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। उद्घाटन के मुख्य अतिथि होंगे छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री माननीय श्री गजेंद्र यादव जी, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्ग लोकसभा के सांसद माननीय श्री विजय बघेल जी करेंगे।
विशेष अतिथियों में दुर्ग ग्रामीण विधायक माननीय श्री ललित चंद्राकर जी, दुर्ग की महापौर माननीय श्रीमती अल्का बाघमार जी, माननीय दीपक ताराचंद साहू जी, माननीय शिवराज राउत जी, राजेश ताम्रकार जी, अजय यादव जी (प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ कोसरिया यादव समाज), ममता ओमप्रकाश जी (पार्षद) एवं बबीता यादव जी (पार्षद) शामिल रहेंगे।
इस अवसर पर समाज के युवक-युवतियों के लिए परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिससे सामाजिक समन्वय के साथ-साथ वैवाहिक संबंधों की दिशा में सकारात्मक पहल को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यादव मिलन समारोह समाज के लोगों को एक मंच पर जोड़ते हुए संगठनात्मक मजबूती और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देगा। गीता जयंती के आयोजन के माध्यम से नैतिकता, कर्तव्य और जीवन मूल्यों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
कार्यक्रम का समापन समारोह सायं 4:00 बजे होगा। समापन के मुख्य अतिथि होंगे माननीय श्री देवेंद्र यादव जी (विधायक, भिलाई नगर)। समारोह की अध्यक्षता बोधन यादव जी (अध्यक्ष, जिला कोसरिया समाज) करेंगे।
समापन समारोह
समापन समारोह के विशेष अतिथि के रूप में अरुण बोरा जी (पूर्व विधायक, दुर्ग), राजेंद्र साहू जी, धीरज बाकलीवाल जी, मेधनाथ यादव जी (प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन), मन्ना यादव जी एवं दलौरिन बाई यादव जी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु 07 जनवरी 2026 को यादव छात्रावास, पचरीपारा दुर्ग में एक अत्यावश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और दायित्वों पर चर्चा की। बैठक में अध्यक्ष अमरसिंह यादव, संरक्षक छोटेलाल यादव, उपाध्यक्ष रणछोर यादव, सचिव दिनेश यादव, कोषाध्यक्ष द्वारिका प्रसाद यादव सहित पुनीत यादव, मुकेश यादव, भगवानसिंह यादव, लक्ष्मीचंद यादव, भूपेंद्र यादव, महिला अध्यक्ष गीता यादव, अनिल यादव एवं छन्नूलाल यादव उपस्थित रहे।
इस आयोजन से समाज में एकता, संवाद और सहयोग की भावना को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उक्त जानकारी भानु प्रताप यादव, प्रांताध्यक्ष, छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन (अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ) एवं मीडिया प्रभारी द्वारा दी गई।









