Buy Advt. Space

कर्मचारी आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, दुर्ग जिले में शासकीय कामकाज ठप

By

दुर्ग। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रदेशव्यापी आह्वान पर जारी आंदोलन के दूसरे दिन भी जिलेभर के शासकीय कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यालय बंद कर धरना स्थल पर उपस्थित रहे, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

“मोदी की गारंटी पूरी नहीं” – कर्मचारियों में नाराजगी

जिला संयोजक विजय लहरे एवं संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा घोषित “मोदी की गारंटी” अब तक पूरी नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जिसके कारण आंदोलन की स्थिति बनी है।

पेंशनरों की आवाज़ भी गूंजी धरना स्थल पर

प्रदेश पेंशनर संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के. वर्मा ने धरना सभा को संबोधित करते हुए पेंशनरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि एक बार विधायक और सांसद बनने पर पेंशन का लाभ दिया जाता है, जबकि वर्षों सेवा देने वाले कर्मचारियों के पेंशन अधिकारों में कटौती की जा रही है, जो सरासर अन्याय है।

अनियमित कर्मचारियों को नियमित करने की मांग

संभाग प्रभारी राजेश चटर्जी ने अपने संबोधन में अनियमित कर्मचारियों को शीघ्र नियमित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों को स्थायित्व न देना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

पूर्व विधायक ने आंदोलन को बताया जायज

पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कर्मचारियों के आंदोलन को पूरी तरह जायज बताते हुए कहा कि सरकार को अपनी घोषणाओं और गारंटियों को गंभीरता से लेकर उन्हें शीघ्र पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की उपेक्षा से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

अंतिम दिन रैली निकालकर सौंपा जाएगा ज्ञापन

महासचिव अनुरूप साहू ने जानकारी दी कि आंदोलन के अंतिम दिन कल 12:30 बजे से 1:00 बजे के बीच रैली के रूप में मुख्यमंत्री के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।

हजारों कर्मचारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भानु प्रताप यादव (जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ – दुर्ग) ने कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने की अपील की।
धरना प्रदर्शन में शिवदयाल धृतलहरे, मोतीराम खिलाड़ी, कचराबाई, पुष्पलता धृतलहरे, कांती कोशले, निर्मला रात्रे, ललित बिजौरा, चंचल द्विवेदी, महेंद्र साहू, सुरेश साहू, धर्मेंद्र देशमुख, गौरीशंकर रावण, अशोक कनेरिया सहित हजारों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment