मोहन नगर थाना क्षेत्र की घटना
दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां दसवीं कक्षा की एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका की पहचान
मृतका की पहचान दिशा माथनकर (15 वर्ष) के रूप में हुई है। वह दुर्ग पब्लिक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। दिशा अपने परिवार के साथ सिकोला बस्ती के आगे जयंती नगर स्थित एक किराए के मकान में रहती थी।
दोपहर में दिया घटना को अंजाम
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2 बजे दिशा ने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे तुरंत उसे डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार की स्थिति
बताया जा रहा है कि दिशा अपने परिवार की बड़ी बेटी थी। परिवार में चार सदस्य हैं। उसकी मां सिलाई का काम करती हैं और किराए की एक छोटी टेलर दुकान चलाती हैं। दिशा पढ़ाई में होनहार और स्वभाव से शांत बताई जा रही है।
आत्महत्या का कारण अज्ञात
फिलहाल छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों, पड़ोसियों और स्कूल से जुड़े लोगों के अनुसार हाल के दिनों में किसी तरह के तनाव या विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है।
इलाके में शोक का माहौल
घटना के बाद से जयंती नगर और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।








