दुर्ग, 12 अक्टूबर 2025।
सिटी कोतवाली पुलिस ने महज़ कुछ घंटों के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह हत्या शराब और सिगरेट पीने को लेकर हुए मामूली विवाद में की गई थी, जिसने एक युवक की जान ले ली।
मामला दुर्ग थाना क्षेत्र के पंचशील नगर का है। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय भरत यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई अनिल यादव 10 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे अपनी काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली एक्टिवा स्कूटी में घर से निकला था और वापस नहीं लौटा।
अगले दिन सुबह लगभग 8 बजे सूचना मिली कि बिजली ऑफिस के सामने, परस सेन के मकान के बगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंचने पर भरत यादव ने शव की पहचान अपने बड़े भाई अनिल यादव के रूप में की। पास ही उसकी एक्टिवा स्कूटी खड़ी थी। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है।
इस पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 490/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को लगाया गया। कुछ ही समय में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि शराब और सिगरेट पीने को लेकर मृतक अनिल यादव से बहस हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि तीनों ने आवेश में आकर पास में रखे पत्थर और बल्ली से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों आरोपी वहां से भाग गए।
पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त पत्थर और बल्ली जब्त कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में
1️⃣ साहिल टंडन उर्फ भोको निवासी पंचशील नगर,
2️⃣ भुवन साहू (उम्र 18 वर्ष 4 माह) निवासी पंचशील नगर,
3️⃣ एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है।
तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक तापेश्वर सिंह नेताम, उपनिरीक्षक प्रताप सिंह ठाकुर, सउनि रामकृष्ण तिवारी, प्र.आर. आबिद खान, अजय विश्वकर्मा, आरक्षक केशव कुमार, विकास तिवारी, प्रशांत पाटनकर, कमलकांत अंगूरे और सुरेश जायसवाल की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या का कारण बेहद मामूली था, लेकिन शराब के नशे में विवाद ने एक निर्दोष युवक की जान ले ली। घटना के खुलासे से क्षेत्र में फैले भय और संदेह का वातावरण भी समाप्त हुआ है।
शराब और सिगरेट की बहस में हुई हत्या: दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी








