पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 17 वर्षीय नाबालिग युवक का शव उसके ही खेत में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव की घटना
यह मामला देवभोग थाना क्षेत्र के टिकरापारा गांव का है। मृतक की पहचान सोहन मरकाम (17 वर्ष), पिता टेकश्याम मरकाम, निवासी टिकरापारा के रूप में हुई है। सोहन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से नहाने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।
रात में खेत में मिला शव
जब काफी देर तक सोहन घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। खेत-खलिहान और डाबरी क्षेत्र में खोजबीन के दौरान रात करीब 10 बजे, गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित उसके ही खेत में, सोहन का शव पेड़ से फांसी पर लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलते ही देवभोग थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाया, पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
परिवार में सबसे बड़ा था मृतक
बताया जा रहा है कि सोहन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि उसके दोनों छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं। इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आत्महत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।








