Buy Advt. Space

नेवई पुलिस ने CSVTU में 9.44 लाख फर्जी रसीद धोखाधड़ी आरोपी सुनील प्रसाद गिरफ्तार

By

दुर्ग । छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई में पीएचडी शोधार्थियों से फीस के नाम पर की गई बड़ी धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। थाना नेवई पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए फर्जी रसीद जारी कर नकद राशि का गबन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा की गई शिकायत के बाद गठित दो सदस्यीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में कुल ₹9,44,500 की वित्तीय अनियमितता सामने आई। जांच में पाया गया कि विश्वविद्यालय की पीएचडी शाखा में पदस्थ कनिष्ठ सलाहकार सुनील कुमार प्रसाद द्वारा शोधार्थियों से नकद शुल्क लिया गया और बदले में फर्जी फीस रसीदें दी गईं।

प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 062/2026 के तहत धारा 316(2), 336(3), 338 एवं 340(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने उसे 09 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी शुल्क रसीदें एवं संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। घटना स्थल CSVTU परिसर, भिलाई (थाना नेवई) बताया गया है। मामले में आगे की वैधानिक विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक करन सोनकर एवं आरक्षक रवि बिसाई (क्रमांक 1603) की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी या अनियमितता की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

Leave a Comment