Buy Advt. Space

किसानों की धान खरीदी समस्या और पटवारियों की मांगों को लेकर CPI ने सौंपे दो ज्ञापन

By

किसानों को धान बेचने से वंचित न रखने और पटवारी संघ की जायज मांगें पूरी करने की उठाई मांग, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) जिला परिषद कोंडागांव ने मंगलवार, 17 नवंबर को किसानों की धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं और राजस्व पटवारी संघ की मांगों को लेकर जिला प्रशासन को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। पार्टी के जिला सचिव एवं अन्य कम्युनिस्ट सदस्यों ने महामहिम राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय के आवक-जावक शाखा में जमा कराया।

धान खरीदी में किसानों को परेशानी से बचाने की मांग

सीपीआई द्वारा सौंपे गए पहले ज्ञापन में मांग की गई है कि जिले का कोई भी पंजीकृत किसान धान बेचने से वंचित न रहे। इसके लिए गिरदावरी, एग्रीटेक सहित धान खरीदी से जुड़ी सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष जिले के कई किसान विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक कारणों से अपना धान नहीं बेच पाए थे। इससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष भी विभिन्न गांवों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि गिरदावरी नहीं होने, वनाधिकार पट्टाधारी किसानों का धान विक्रय के लिए पंजीयन नहीं होने तथा रकबे में त्रुटियों के कारण किसान अपनी पूरी उपज नहीं बेच पा रहे हैं।

3 नवंबर को भी सौंपा गया था ज्ञापन

सीपीआई पदाधिकारियों के अनुसार किसानों की इन समस्याओं को लेकर पार्टी द्वारा 3 नवंबर को भी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया था। हालांकि, पार्टी का कहना है कि अब भी बड़ी संख्या में किसान धान बेचने में आ रही परेशानियों को लेकर जिला एवं तहसील कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं।

पार्टी पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान अपनी उपज बेचने से वंचित न रहे।

पटवारी संघ की जायज मांगें पूरी करने की मांग

सीपीआई जिला परिषद एवं अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से दूसरे ज्ञापन में राजस्व पटवारी संघ छत्तीसगढ़, जिला इकाई कोंडागांव की जायज मांगों को किसान हित में जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की गई है।

पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि पटवारियों से जुड़ी समस्याओं और उनकी मांगों का समाधान होने से राजस्व संबंधी कार्यों में आ रही परेशानियों को दूर करने में मदद मिलेगी। इसका सीधा लाभ किसानों को भी मिल सकेगा।

समाधान नहीं होने पर व्यापक जन आंदोलन की चेतावनी

सीपीआई पदाधिकारियों ने शासन-प्रशासन से दोनों ज्ञापनों में उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए जल्द निर्णय लेने और संगठन को इसकी जानकारी देने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं और पटवारी संघ की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो सीपीआई जिला परिषद कोंडागांव अपने अन्य संगठनों, सदस्यों और व्यापक जनसमर्थन के साथ जन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

पटवारी संघ से आंदोलन स्थगित करने की अपील

इसके अलावा सीपीआई जिला परिषद कोंडागांव के पदाधिकारी राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों को लिखित पत्र सौंपकर किसान हित में अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित करने का आग्रह किया।

पार्टी ने कहा कि यदि पटवारी संघ किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन स्थगित करता है, तो सीपीआई और अखिल भारतीय किसान सभा उनकी मांगों को पूरा कराने के लिए आंदोलनकारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेंगे और शासन के समक्ष उनकी मांगों को मजबूती से उठाएंगे।

Leave a Comment