Buy Advt. Space

कलेक्टर ने बैठक में योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिला कार्यालय के सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारियों पर जोर

कलेक्टर ने सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने कार्यक्रम, नियद नेल्लानार तथा राजस्व पखवाड़ा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य जांच में तेजी लाने के निर्देश

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सिकल सेल, टीबी, एनीमिया सहित अन्य बीमारियों की जांच और उपचार में तेजी लाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए।

श्रम पंजीयन और खाद्य व्यवस्था की समीक्षा

उन्होंने श्रम पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों का अनिवार्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
खाद्य विभाग की समीक्षा में धान उठाव, कस्टम मिलिंग एवं राशन दुकानों में भंडारण की स्थिति पर भी चर्चा की गई।

जनगणना और स्वच्छता पर विशेष फोकस

कलेक्टर ने जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को स्वयं स्वगणना करने और अधीनस्थों को प्रेरित करने को कहा।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नगरीय निकायों में कचरा सेग्रिगेशन और ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

पेंशन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को पेंशन प्रकरणों का समय-सीमा में प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा

बैठक में ज्ञान भारतम अभियान, जल संचय में जनभागीदारी, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री पोषण अभियान एवं जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment