ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने गुरुवार को फरसगांव विकासखंड के विभिन्न निर्माणाधीन एवं शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास का अवलोकन किया। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए छात्राओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कलेक्टर ने फरसगांव क्षेत्र में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चिचाड़ी एवं कोरगांव के भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों के गुणवत्तापूर्ण संचालन, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन लाइब्रेरी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
शासकीय महाविद्यालय परिसर फरसगांव में निर्माणाधीन लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन और संदर्भ सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कृषि विज्ञान केंद्र में आजीविका गतिविधियों का अवलोकन
इससे पूर्व कलेक्टर ने बोरगांव स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का भ्रमण किया। यहां उन्होंने बत्तख पालन, सुअर पालन, बकरी पालन और मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने इन योजनाओं के प्रभावी संचालन और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रशांत पात्र, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी, तहसीलदार जय कुमार नाग, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रूपेन्द्र नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।








