ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के तहत ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में आयोजित शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों से फीडबैक लेते हुए शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
आंगनबाड़ी केंद्र का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र खुटगुड़ा, बड़ेकनेरा का निरीक्षण कर बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली तथा आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
महिलाओं ने साझा किए सफलता के अनुभव
महतारी वंदन योजना से लाभान्वित श्रीमती संतोषी भोयर ने बताया कि योजना से मिलने वाली मासिक सहायता राशि से उन्होंने अपना ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू किया है। वहीं श्रीमती संपत्ती माणिकपुरी ने सहायता राशि से सब्जी व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बनने की जानकारी दी।
मातृ वंदना और कन्या विवाह योजना के हितग्राहियों को मिला लाभ
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लाभान्वित महिलाओं को मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। योजना के तहत माताओं को गर्भावस्था एवं शिशु देखभाल के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से लाभान्वित महिलाओं ने भी योजना से मिले सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
अन्नप्राशन और गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन
मुख्यमंत्री श्री साय ने बालिकाओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया। वहीं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक सुश्री लता उसेंडी ने धात्री माताओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभ भी वितरित किए गए।
सुपोषण और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सुपोषण किट तथा किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता के उद्देश्य से हाइजीन किट वितरित की गई। इससे पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
‘जागरूक पिता अभियान’ का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम में एक अभिनव पहल के रूप में ‘जागरूक पिता अभियान’ की शुरुआत की गई। अभियान के तहत ऐसे पिताओं को सम्मानित किया गया जो अपने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं तथा नियमित रूप से उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र लेकर जाते हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्यों की सराहना
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों एवं माताओं के हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो रहा है।








