Buy Advt. Space

जनगणना में OBC कॉलम जोड़ने की मांग, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, जनगणना 2026-27 में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए पृथक कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग की जिलाध्यक्ष श्रीमती भगवती पटेल के नेतृत्व में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना को सौंपा गया।

जाति और OBC के लिए पृथक कॉलम की मांग

ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि जनगणना प्रपत्र में नागरिकों की जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से संबंधित जानकारी दर्ज करने के लिए स्पष्ट एवं पृथक कॉलम शामिल किया जाए। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि जातिगत एवं सामाजिक-आर्थिक आंकड़े उपलब्ध होने से विभिन्न वर्गों की वास्तविक जनसंख्या और उनकी सामाजिक एवं शैक्षणिक स्थिति का आकलन करने में मदद मिलेगी।

योजनाओं के निर्माण में आंकड़ों की भूमिका

ज्ञापन में कहा गया कि प्रामाणिक आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, रोजगार, प्रतिनिधित्व और कल्याणकारी योजनाओं का बेहतर निर्धारण एवं क्रियान्वयन किया जा सकता है। विशेष रूप से पिछड़ा वर्ग समाज के लिए विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार करने में ऐसे आंकड़ों की आवश्यकता बताई गई।

भगवती पटेल ने रखी मांग

ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती भगवती पटेल ने कहा कि जनगणना प्रपत्र में जाति एवं OBC का स्पष्ट और पृथक कॉलम जोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आंकड़ों को निर्धारित तरीके से संकलित एवं सार्वजनिक किया जाए, ताकि सामाजिक न्याय और समान अवसर से जुड़ी नीतियां प्रामाणिक आंकड़ों के आधार पर तैयार की जा सकें।

उन्होंने कहा कि OBC वर्ग के लिए स्पष्ट कॉलम नहीं होने से समाज की वास्तविक स्थिति का आंकलन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने OBC समाज को नजरअंदाज नहीं करने की मांग की।

कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती भगवती पटेल, जिला कांग्रेस महामंत्री जेपी यादव, पीसीसी प्रवक्ता श्रीमती शिल्पा देवांगन, कांग्रेस नेता भंगी पटेल, मंडल अध्यक्ष सेवक दीवान सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment