Buy Advt. Space

भिलाई में युवक ने फांसी लगाई, होली खेलने के बाद मिली लाश

By

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजीव नगर निवासी सौरभ सोनकर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, सौरभ सोनकर ने होली के दिन सुबह परिवार और दोस्तों के साथ जमकर होली खेली थी। दिनभर वह सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन देर रात उसने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत उसे नीचे उतारकर भिलाई के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में शव को अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया गया। परिजनों के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम सुपेला स्थित लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में कराया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर और सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Comment