अंकित टाटिया की रिपोर्ट।
बालोद, 15 नवंबर 2025।जिले के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए बालोद जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिसके तहत जिले के कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अब लाईवलीहुड कॉलेज, पाकुरभाट में NEET एवं JEE की निःशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी। यह निर्णय कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की विशेष पहल पर लिया गया है, ताकि जिले के प्रतिभावान लेकिन संसाधनों की कमी से जूझ रहे छात्रों को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग की सुविधा मिल सके।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर कोचिंग प्रारंभ करने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रों के लिए लाईवलीहुड कॉलेज परिसर को शीघ्र ही कोचिंग संचालन के अनुरूप तैयार किया जाए। इसमें अध्ययन कक्षों का सुधार, छात्रावास की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, भोजनालय, रसोई कक्ष, फर्नीचर, बिस्तर, पलंग, शौचालय, स्नानागार और सुरक्षा जैसी सभी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश शामिल थे।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि छात्रों के लिए बालक एवं बालिका दोनों प्रकार के छात्रावास बनाए जाएं और उनमें पर्याप्त मात्रा में गद्दे, पलंग, अलमारी और अन्य आवश्यक सामग्री सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आगे निर्देशित किया कि कोचिंग कक्षाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति भी जल्द अंतिम रूप से की जाए।
बैठक में उपस्थित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, विषय विशेषज्ञ शिक्षक एवं अन्य अधिकारीगण ने कोचिंग व्यवस्था से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती तिवारी ने बताया कि कोचिंग के लिए 100 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, जिसके लिए प्रथम चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि 17 और 18 नवंबर को विद्यार्थियों तथा उनके पालकों से सहमति पत्र प्राप्त करते हुए काउंसलिंग की जाएगी। इसके बाद 19 नवंबर को चयनित विद्यार्थियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात नवंबर माह में ही कोचिंग कक्षाएं प्रारंभ की जाएंगी। कोचिंग में छात्रों को भौतिक विज्ञान, रसायन, जीवविज्ञान एवं गणित के विशेषज्ञ शिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जिले के अधिकतम बच्चों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता दिलाना है, ताकि बालोद जिले के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोचिंग संचालन की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी हों और किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।
जिले में पहली बार इस स्तर की संगठित एवं उच्च स्तरीय तैयारी के साथ NEET और JEE कोचिंग शुरू होने जा रही है, जिससे जिले के सैकड़ों छात्रों को नए अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें बड़े प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।








