Buy Advt. Space

केशकाल घाट बायपास निर्माण तेज करने अरुण साव के निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव, उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय मार्ग पर निर्माणाधीन बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बायपास के दोनों छोरों का जायजा लेते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बस्तर के विकास के लिए महत्वपूर्ण परियोजना

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और विकास गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता इस परियोजना को शीघ्र पूर्ण कर आम जनता के लिए आवागमन शुरू करना है।

11.38 किलोमीटर लंबा होगा फोरलेन बायपास

लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपये की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे फोरलेन केशकाल घाट बायपास का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगा।

केशकाल-सलना सड़क कार्य का भी लिया जायजा

उप मुख्यमंत्री ने केशकाल से सलना तक चल रहे सड़क मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जल जीवन मिशन कार्यक्रम में हुए शामिल

निरीक्षण के बाद श्री साव निकटवर्ती बेड़मा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक , कलेक्टर , पूर्व विधायक , लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता तथा अधीक्षण अभियंता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment