रवि गहने खैरागढ़ जालबांधा। पी.एम. श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम विद्यालय, जालबांधा में राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, भुवनेश्वर के सहयोग से पांच दिवसीय तकनीकी इंटर्नशिप कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रशिक्षण में विद्यालय के अंग्रेजी और हिन्दी माध्यम के कुल 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ना, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और तकनीकी सोच को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ड्रोन कैमरा उड़ाने का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण दिया गया। विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री रक्षित सिसोदिया और श्री योगीराज वर्मा ने छात्रों को ड्रोन टेक्नोलॉजी तथा एरोप्लेन के सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझाया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री कपिल देव वर्मा, शिक्षिका श्रीमती सुरेखा साहू सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उन्हें नई तकनीक के प्रति गहरी समझ और आगे के करियर में उपयोगी दिशा मिली है।
जालबांधा : स्वामी आत्मानंद विद्यालय में पांच दिवसीय तकनीकी इंटर्नशिप, छात्रों ने सीखी ड्रोन टेक्नोलॉजी








