Buy Advt. Space

स्वतंत्रता दिवस की अंतिम रिहर्सल सम्पन्न, कलेक्टर और एसपी ने किया तैयारियों का अवलोकन

By




जिला पंचायत सीईओ ने फहराया ध्वज, ली परेड की सलामी

ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद ! जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत आज सुबह 9 बजे पुलिस परेड ग्राउंड में अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चन्द्राकर ने राष्ट्रध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।

रिहर्सल के दौरान कलेक्टर श्री बी.एस. उइके और पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने समारोह की सभी तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ध्वजारोहण के बाद पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों ने सलामी दी, जिसके पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। परेड कमांडर के मार्गदर्शन में विभिन्न प्लाटूनों ने अनुशासन और तालमेल का प्रदर्शन करते हुए परेड मार्च किया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिससे समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण हो उठा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने वीआईपी बैठक व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और पत्रकारों के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समारोह के दौरान मंच संचालन प्रभावी हो और कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रकाश राजपूत, श्री नवीन भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र चन्द्राकर, सभी जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस विभाग के जवान और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय, अनुशासित और भव्य तरीके से सम्पन्न होगा।

Leave a Comment