Buy Advt. Space

बोर्ड परीक्षा में गरियाबंद ने फिर लहराया परचम, पुनर्मूल्यांकन के बाद छात्रों को मिला बड़ा सम्मान

By



नूतन साहू गरियाबंद ;शैक्षणिक सत्र 2024-25 में गरियाबंद जिले ने माध्यमिक शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर अपना परचम लहराया है। कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में जिले ने राज्य में चौथा स्थान प्राप्त कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण दिया है।

वहीं, पुनर्मूल्यांकन परिणाम जारी होने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित स्थायी मेरिट सूची में जिले के छात्र भूपेश कुमार नागेश ने अपनी शानदार उपलब्धि से जिले को गौरवान्वित किया है। सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल, देवभोग के छात्र भूपेश ने 98.80% अंक अर्जित कर राज्य स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के लिए जारी की गई मेरिट सूची में हायर सेकेंडरी स्कूल, सड़क परसुली के छात्र शैलेन्द्र कुमार शोरी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर इस संवर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए कलेक्टर श्री भगवान सिंह उइके ने दोनों होनहार छात्रों को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “दूरस्थ ग्रामीण अंचल के छात्रों द्वारा राज्य स्तर पर टॉप करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।”

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री जगजीत सिंह धीर, डीएमसी श्री शिवेश शुक्ला, बीईओ श्री गजेंद्र ध्रुव, बीआरसी श्री छन्नू सिन्हा, एवं अन्य अधिकारी एवं शिक्षकों ने छात्रों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment