छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद ! प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने गरियाबंद जिले के हजारों उपभोक्ताओं को राहत की सौगात दी है। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में राज्य शासन की भी भागीदारी से डबल सब्सिडी का लाभ मिल रहा है, जिससे छत्तीसगढ़ के घरेलू उपभोक्ताओं के लिए रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाना अब कहीं अधिक आसान और सस्ता हो गया है।
राज्य में लागू हॉफ बिजली बिल योजना के साथ यह योजना उपभोक्ताओं को न केवल बिजली बिल से राहत दे रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर “ऊर्जादाता” भी बना रही है। योजना के अंतर्गत सोलर प्लांट लगवाने वाले उपभोक्ता अपनी छत पर अगले 25 वर्षों तक स्वयं बिजली उत्पन्न कर पाएंगे। इससे मासिक 1000 रुपये से अधिक का बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को अब बिल लगभग शून्य होने का लाभ मिल रहा है।
400 यूनिट तक बिजली खपत करने वालों के लिए बड़ी राहत
राज्य सरकार द्वारा दी जा रही हॉफ बिजली बिल योजना में संशोधन के बावजूद 31 लाख से अधिक जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के उपभोक्ता पूर्ववत लाभ ले रहे हैं। अब भी 100 यूनिट तक की खपत पर 50% छूट और 400 यूनिट तक की खपत पर पुराने नियमों के अनुसार राहत मिल रही है।
1KW और 2KW प्लांट पर 75% तक सब्सिडी
योजना के अंतर्गत 1 किलोवाट और 2 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित करने पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं के लिए बैंकों से सस्ती और आसान मासिक ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध है।
पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया – आवेदन करना बेहद आसान
पीएम सूर्यघर योजना से जुड़ने के लिए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। उपभोक्ता स्वयं www.pmsuryaghar.gov.in पोर्टल, पीएम सूर्यघर मोबाइल एप, सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट, मोर बिजली एप, या टोल फ्री नंबर 1912 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता निकटतम बिजली कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं में उत्साह, बिजली बिल से मिली राहत
जिले के कई उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेकर अपनी छतों पर सोलर पैनल लगवाए हैं और आज उनका बिजली बिल शून्य या बेहद कम आ रहा है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यह योजना न केवल आर्थिक रूप से राहत देने वाली है, बल्कि यह पर्यावरण की दृष्टि से भी एक सराहनीय कदम है।
ऊर्जादाता बनने की ओर छत्तीसगढ़
राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के नागरिक शासकीय योजनाओं पर निर्भर न रहकर स्वयं ऊर्जा उत्पादक बनें। यह योजना हर घर को ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत पहल है।
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से गरियाबंद में बिजली क्रांति, उपभोक्ताओं के चेहरे पर लौटी मुस्कान








