दुर्ग ! नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने मंगलवार को वार्ड क्रमांक 50 बोरसी भाठा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर के साथ एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, देवनारायण चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, मनीष साहू, नीलेश अग्रवाल, शशि साहू, हर्षिका जैन, सजान जोसफ, ज्ञानदास बंजारे, बानी सोनी, उप आयुक्त मोहेन्द्र साहू, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, उप अभियंता विनोद मांझी, विकास दमाहे, शुभम गोइर, परमेश्वर एवं शेखर दुबे उपस्थित रहे।
नालियों में बह रहा गोबर – डेयरी संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पाया कि क्षेत्र की नालियों में डेयरी संचालकों द्वारा गोबर बहाया जा रहा है, जिससे न केवल पानी की निकासी बाधित हो रही है, बल्कि आसपास के खाली प्लॉटों में गंदगी जमा हो रही है। इससे नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध नल कनेक्शन की जांच कर तत्काल काटे जाएं और सभी डेयरी संचालकों को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाए।
अतिक्रमण पर एक्शन – कबाड़ गाड़ियों को हटाने के निर्देश
मंदिर क्षेत्र के आसपास सड़कों पर वर्षों से खड़ी कबाड़ गाड़ियों को लेकर महापौर ने गहरी नाराजगी जाहिर की और अतिक्रमण अधिकारी को इन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के दौरान वार्ड पार्षद और शिकायतकर्ता भी मौजूद रहेंगे, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और जनसहयोग से समाधान हो।
गंदगी और जलभराव पर सख्त नजर
पुनाम कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की गलियों में फैली गंदगी, गोबर और जलभराव की स्थिति पर महापौर ने सफाई अमले को तुरंत कार्रवाई करने को कहा। खाली प्लॉटों में जल निकासी के समुचित उपाय करने के निर्देश भी मौके पर दिए गए।
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना प्राथमिकता
महापौर श्रीमती बाघमार ने वार्ड की सड़कों की स्थिति, जलभराव, नालियों और सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना है। नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं चलेगी।
महापौर का वार्ड 50 दौरा – डेयरियों पर सख्ती, अतिक्रमण हटाने व सफाई के निर्देश








