कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में उद्यानिकी एवं रेशम विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल के अंतर्गत ऑयल पाम क्षेत्र विस्तार के लिए कलस्टर चयन कर मिशन मोड में क्रियान्वयन पर बल दिया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि एफआर क्लस्टर का चयन कर जहां सिंचाई और बिजली की उपयुक्त व्यवस्था हो, वहां अधिकतम क्षेत्र में रोपण सुनिश्चित किया जाए और बरसात से पहले सभी तैयारियाँ पूरी कर ली जाएं।
जिले में लगभग 600 एकड़ में मिर्ची का उत्पादन हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से मिर्ची उत्पादन बढ़ाने और प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के लिए भी निर्देश दिए।
जिले में सब्जी मंडी की आवश्यकता को देखते हुए मंडी बोर्ड से समन्वय कर निर्धारित मापदंडों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही करने को भी कहा गया। साथ ही नारियल उत्पादन के क्षेत्र विस्तार हेतु नारियल विकास बोर्ड के सहयोग से सिंचाई सुविधा वाले क्षेत्रों में नारियल के पौधारोपण को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में किसानों के लंबित केसीसी प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिले में गेंदा और गुलाब की खेती के साथ-साथ झरबेरा और आर्किड की खेती की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना तैयार करने पर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में रेशम विभाग की टसर योजना, कोसा संरक्षण एवं अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई तथा उद्यानिकी एवं रेशम विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।








