कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जनदर्शन एवं समय-सीमा के अंतर्गत लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने सक्षम आंगनबाड़ी उन्नयन कार्य की प्रगति की जानकारी ली और सहकारी समितियों के गठन में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को सहकारी समितियों के लाभ के प्रति जागरूक करने और विशेष रूप से महिलाओं को समितियों में शामिल कर उनकी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में नशामुक्त भारत अभियान के तहत एनएसएस, एनसीसी और समूह की महिलाओं के माध्यम से विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करने के निर्देश समाज कल्याण विभाग को दिए।
जनदर्शन में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
समय-सीमा बैठक के पश्चात कलेक्टर ने जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। ग्राम चेरबेड़ा के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव के प्राथमिक शाला में एकमात्र शिक्षक हैं, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने इसके समाधान हेतु उन्होंने और शिक्षक नियुक्ति की मांग की। साथ ही ग्राम बनसिरसी के ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी संचालन के लिए नए भवन की मांग रखी। इसके अलावा जनदर्शन में विभिन्न मांगों और शिकायतों से संबंधित कई आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने उनके समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, डीएफओ श्री एन गुरुनाथन और श्री आर के जांगड़े सहित अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।








