कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! जिले के प्रभारी सचिव श्री भीम सिंह ने हाल ही में विकास कार्यों का जायजा लेने के दौरान ग्राम संबलपुर का दौरा किया, जहां उन्होंने बैंक सखियों के कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को उनके खातों में जमा राशि की निकासी बैंक सखियों के माध्यम से किया जाए। इसका उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके घर के पास ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें जिला या विकासखंड स्तर पर बैंक तक आने की आवश्यकता न पड़े।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय आजीविका मिशन के टीम द्वारा इस दिशा में एक सकारात्मक कदम उठाते हुए, केशकाल विकासखंड के ग्राम कुएमारी में बैंक सखी ममता कुंजाम ने बाजार स्थल पर एक छोटी सी जगह में लोगों को बैंकिंग सुविधा प्रदान की। इस पहल का सबसे पहला लाभ ग्राम कुएमारी की निवासी सूरजबती को मिला, जिन्होंने अपने आवास की राशि बैंक सखी के माध्यम से प्राप्त की। सूरजबती ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “पहले हम लोग बैंकिंग कार्य के लिए 35 किलोमीटर दूर केशकाल जाना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की नुकसान होती थी। लेकिन अब मुझे बैंक सखी के माध्यम से अपने ही गाँव में प्रधानमंत्री आवास की राशि प्राप्त हो गई। यह मेरे लिए बड़ी राहत है।”
बैंक सखी ममता कुंजाम क्षेत्र में बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं। जिसमें शासन द्वारा महिलाओं को हर महीने दिए जाने वाली महतारी वंदन योजना की राशि, पेशन, स्कूली छात्रों की छात्रवृति के साथ अन्य बैंकिग लेन-देन शामिल है।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच को सरल और सुलभ बनाना है। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिनके पास बैंक तक जाने के लिए समय या साधन नहीं है। प्रभारी सचिव के निर्देशों के अनुसार, बैंक सखियों के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है ताकि प्रत्येक ग्रामीण तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
इस अवसर पर श्री विनय सिंह जिला मिशन प्रबन्धक, श्री दुर्योधन मेघ जिला कार्यक्रम प्रबन्धक, श्री कुंजलाल सिन्हा फायनेस, एवं श्री हरीश मण्डवी ब्लाक प्रबंधक कुए मारी सचिव उपस्थित रहे।








