ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव।कोण्डागांव, शादी का प्रलोभन देकर युवती के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने के मामले में कोण्डागांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अजाक) पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
युवती ने अजाक थाने में दर्ज कराई शिकायत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना अजाक, जिला कोण्डागांव में अनुसूचित जाति वर्ग की 25 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने आरोप लगाया कि धमतरी निवासी आरोपी महताब खान ने 21 नवंबर 2023 से सितंबर 2026 तक शादी करने का प्रलोभन देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार, जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवती ने थाना अजाक में शिकायत प्रस्तुत की।
BNS और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पीड़िता की शिकायत एवं प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया संज्ञेय अपराध पाए जाने पर थाना अजाक कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 04/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 69 भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 3(2)(v) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
साक्ष्य संकलन के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का कथन दर्ज किया और आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने महताब खान (25 वर्ष), निवासी धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आगे की विवेचना जारी
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेजी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित करने सहित अन्य विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
थाना अजाक, जिला कोण्डागांव द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।








