ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, 25 नवंबर 2026। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जरूरतमंद महिलाओं के लिए मददगार साबित हो रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर मातृत्व के दौरान उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग दिया जा रहा है। इसी योजना का लाभ लेकर तहसील पारा निवासी कंचन तिवारी के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से मिली योजना की जानकारी
कंचन तिवारी बताती हैं कि पहली बार गर्भवती होने पर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। उन्हें बताया गया कि योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज जमा कर योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी की।
पहली किस्त में मिले 3 हजार रुपये
योजना के तहत आवेदन करने के बाद कंचन तिवारी को पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने गर्भावस्था के दौरान अपने खान-पान और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया। इससे उन्हें अपने स्वास्थ्य और पोषण का ध्यान रखने में काफी मदद मिली।
बच्चे के जन्म पर मिली 2 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता
बच्चे के जन्म के बाद कंचन तिवारी को 2,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने इस राशि का उपयोग अपने बच्चे की आवश्यकताओं को पूरा करने में किया। साथ ही भविष्य में बच्चे के काम आने के लिए कुछ राशि बचाकर भी रखी।
कंचन का कहना है कि शासन से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई। इससे गर्भावस्था के दौरान पोषण और बच्चे के जन्म के बाद उसकी देखभाल में आर्थिक सहयोग मिला।
प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार
कंचन तिवारी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महिलाओं के हित में संचालित यह योजना जरूरत के समय आर्थिक सहयोग प्रदान करती है। इससे महिलाएं अपनी और अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर पाती हैं।
मातृत्व के दौरान महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा देने की पहल
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का उद्देश्य महिलाओं को मातृत्व के दौरान आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ उनके स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना है। शासन की इस पहल से जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है और वे मातृत्व के इस महत्वपूर्ण दौर में अपनी एवं अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर पा रही हैं।
कंचन तिवारी की यह कहानी बताती है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।








