सिक्योरिटी गार्ड से लेकर इलेक्ट्रिशियन और पैकिंग स्टाफ तक के पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर, 5वीं से स्नातक तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले एवं आसपास के अन्य जिलों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव द्वारा 26 नवंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 500 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा आयोजन
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव में आयोजित होने वाला यह रोजगार मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होकर निर्धारित पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगे।
विभिन्न कंपनियों में 500 पदों पर होगी भर्ती
रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से एसआईएस लिमिटेड गोंदिया (महाराष्ट्र), स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड, आशा उम्मीद की किरन कोण्डागांव और केके इंटरप्राइजेज गुजरात शामिल हैं।
पदों का विवरण इस प्रकार है:
- एसआईएस लिमिटेड गोंदिया: सिक्योरिटी गार्ड के 50, सिक्योरिटी सुपरवाइजर के 20 और सिक्योरिटी ऑफिसर के 30 पद।
- स्वतंत्र माइक्रोफिन लिमिटेड: फील्ड ऑफिसर के 30 पद।
- आशा उम्मीद की किरन कोण्डागांव: सुपरवाइजर के 10, सिलाई मशीन ऑपरेटर के 40 और हेल्पर के 20 पद।
- केके इंटरप्राइजेज गुजरात: असेम्बली ऑपरेटर एवं क्वालिटी इंस्पेक्टर के 100, इलेक्ट्रिशियन के 100 और पैकिंग स्टाफ के 100 पद।
5वीं से स्नातक तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
इन रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता 5वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं स्नातक निर्धारित की गई है। वहीं, अभ्यर्थियों की आयु सीमा सामान्यतः 18 से 40 वर्ष रखी गई है। अलग-अलग पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है।
अभ्यर्थी इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक युवक-युवतियों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होना होगा। इनमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं। अभ्यर्थियों को सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। यह मेला निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक युवाओं के लिए एक अवसर उपलब्ध कराएगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, कोण्डागांव में उपस्थित होकर भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।








