दुर्ग। चंद हजार रुपये के कमीशन का लालच आठ लोगों को भारी पड़ गया। साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराकर लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन में शामिल होने के मामले में दुर्ग पुलिस ने 8 म्यूल खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने इनके पास से बैंक पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक, मोबाइल सिम और मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराध और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना नेवई, थाना छावनी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी 5,000 से 15,000 रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने या अन्य व्यक्तियों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।

ऐसे चलता था साइबर ठगी का खेल
पुलिस जांच के मुताबिक, एजेंटों के माध्यम से खाताधारकों से बैंक पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम हासिल किए जाते थे। इसके बाद इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम जमा करने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। इस पूरे खेल में खाताधारकों को 5 से 15 हजार रुपये तक कमीशन दिया जाता था।
नेवई के 6 और छावनी के 2 खाताधारक कार्रवाई के दायरे में
जांच के दौरान थाना नेवई क्षेत्र के इंडसइंड बैंक से जुड़े 6 और थाना छावनी क्षेत्र के ICICI बैंक से जुड़े 2 खाताधारकों की भूमिका सामने आई। बैंकिंग रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में संबंधित खातों से लाखों रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि का लेन-देन पाया गया।
थाना नेवई में अपराध क्रमांक 596/2026 तथा थाना छावनी में अपराध क्रमांक 626/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने 23 नवंबर 2026 को कार्रवाई करते हुए संबंधित सामग्री जब्त की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम लोगों को चेतावनी दी है कि कुछ हजार रुपये के कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, पासबुक, चेकबुक या मोबाइल सिम किसी दूसरे व्यक्ति को न दें। ऐसा करने पर साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खाते के धारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
दुर्ग पुलिस का संदेश साफ है—आपका बैंक खाता, आपकी जिम्मेदारी। चंद हजार के लालच में साइबर अपराधियों का मोहरा न बनें।








