अपूर्ण आवासों को जल्द पूरा कराने के दिए निर्देश, लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विशेष परियोजना एवं आवास प्लस 2.0 की प्रगति की समीक्षा को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अविनाश भोई की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आवास निर्माण कार्यों में हो रही देरी, लंबित किश्तों, तकनीकी सहायकों की अनुपस्थिति और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी संभाग, समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी, जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।
अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिन हितग्राहियों द्वारा दो कमरों से अधिक बड़े आवास बनाए जा रहे हैं, उनके कम से कम एक कमरे की छत ढलाई अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।
जनपद पंचायत माकड़ी में 54 स्वीकृत आवासों में से 53 हितग्राहियों की प्रथम किश्त जारी हो चुकी है। शेष एक प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
किश्त जारी करने में देरी पर वेतन कटौती की चेतावनी
जनपद पंचायत फरसगांव में 8 हितग्राहियों की प्रथम किश्त लंबित पाए जाने पर संबंधित आवास समन्वयक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित समय-सीमा में किश्त जारी नहीं होने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 8 दिवस के वेतन कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी तरह जनपद पंचायत कोण्डागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत कड़ेनार के तीन हितग्राहियों के दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराने और आवास स्वीकृति लंबित रहने पर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड समन्वयक एवं तकनीकी सहायक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर 3 दिवस के वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जनपद पंचायत केशकाल में 12 अपात्र हितग्राहियों के विलोपन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
अनुपस्थित तकनीकी सहायकों पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में तकनीकी सहायकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विगत एक माह एवं छह माह की ई-अटेंडेंस के आधार पर नियमानुसार आगामी वेतन कटौती की कार्रवाई करने को कहा गया।
सभी तकनीकी सहायकों को प्रतिदिन आवासों का निरीक्षण करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सभी अपूर्ण आवासों का आगामी तीन दिवस के भीतर संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान आवासों की फोटो सहित गूगल शीट में प्रगति अपडेट करना अनिवार्य होगा।
विशेष परियोजना के आवासों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
विशेष परियोजना के अंतर्गत जनपद पंचायत बड़ेराजपुर की हितग्राही फेकन बाई का आवास छत स्तर तक पहुंच चुका है। इसे एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं आवंटित विशेष आवासों का निरीक्षण एवं फोटो प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने पर जनपद पंचायत केशकाल के उप अभियंता श्री टार्जन साहू तथा जनपद पंचायत कोण्डागांव के उप अभियंता श्री राधेश्याम साहू एवं श्री दिलीप यदु को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एक वेतन वृद्धि रोकने संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
आवास प्लस 2.0 के लक्ष्य को अभियान चलाकर पूरा करने पर जोर
आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत प्राप्त नवीन स्वीकृति लक्ष्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी जनपद पंचायतों में डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं तकनीकी सहायकों की ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अभियान चलाकर आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया गया।
लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही
सीईओ जिला पंचायत श्री अविनाश भोई ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। आवास निर्माण में अनावश्यक विलंब, निरीक्षण में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








