Buy Advt. Space

कोण्डागांव के 58,641 किसानों के खातों में पहुंची पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त

By

11.69 करोड़ रुपये की राशि अंतरित, कृषि विज्ञान केंद्र बोरगांव में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम; विधायक नीलकंठ टेकाम हुए शामिल

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 58 हजार 641 किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त के रूप में कुल 11 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के पात्र किसानों के खातों में योजना की राशि जारी की। इस अवसर पर कोण्डागांव जिले के फरसगांव विकासखंड अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र, बोरगांव में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गुजरात के बनासकांठा से आयोजित मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

58 हजार से अधिक किसानों को मिला आर्थिक संबल

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 58,641 लाभार्थी किसानों को 11.69 करोड़ रुपये की राशि मिलने से उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकुराम नेताम, तरुण साना, सोमादास सहित जनपद सदस्य, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने की किसानों के प्रयासों की सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि खेती-किसानी से जुड़ी समस्याओं और शंकाओं के समाधान के लिए कृषि विज्ञान केंद्र पहुंचकर कृषि विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। विधायक ने जिले के युवा और महिला किसानों द्वारा कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि किसान इसी उत्साह और हौसले के साथ आगे बढ़ें तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर निरंतर प्रगति करें।

किस्त नहीं मिलने पर ई-केवाईसी और आधार सीडिंग की कराएं जांच

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को योजना की राशि प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिन पंजीकृत किसानों के बैंक खातों में सम्मान निधि की राशि अंतरित नहीं हुई है, उन्हें अपनी ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग की स्थिति की जांच करानी चाहिए।

इसके साथ ही संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर खाते में आधार आधारित भुगतान की सुविधा सक्रिय कराना सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि पात्र किसानों को आगामी किस्तों का लाभ प्राप्त करने में परेशानी न हो।

सीएससी और कृषि विभाग कार्यालय से ले सकते हैं सहायता

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसान ई-केवाईसी, आधार सीडिंग और लैंड सीडिंग की स्थिति की जांच कराने तथा आवश्यक सुधार के लिए अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) अथवा कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। समय पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने से पात्र किसानों को योजना का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान रहे उपस्थित

इस अवसर पर सुकडु राम मंडावी, जेठुराम पोयाम, मनिषा नेताम, सुकलाल मरकाम, रामसाय मरकाम सहित कृषि विभाग के उप संचालक कैलाश मरकाम, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. सुरेश मरकाम, डॉ. हितेश कुमार मिश्रा, हरि देवांगन तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Comment