3.60 किलोमीटर सड़क का होगा डामरीकरण, पुल-पुलिया का भी होगा निर्माण; ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में सुविधा
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, कोण्डागांव जिले के ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेंडी ने नरेश पोयाम के घर से डोंगरीगुड़ा तक 3.60 किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस निर्माण कार्य पर 412.37 लाख रुपये यानी लगभग 4.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और स्थानीय विकास को गति मिलेगी।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने आम नागरिकों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ लेने की अपील की।
आसपास के गांवों की सड़कों को भी पक्का करने पर जोर
विधायक ने कहा कि बड़ेकनेरा में सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में बड़ेकनेरा और आसपास के क्षेत्रों की अन्य सड़कों को भी पक्का करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
सब्जी मंडी बनने से किसानों को मिलेगा लाभ
विधायक लता उसेंडी ने क्षेत्र में सब्जी उत्पादन करने वाले किसानों का उल्लेख करते हुए कहा कि कोण्डागांव में सब्जी मंडी का निर्माण किया जाना है, जिसका कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। सब्जी मंडी बनने से जिले के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादों के विपणन में सहूलियत होगी और किसानों को लाभ प्राप्त करने के नए अवसर मिलेंगे।
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों में खुशी
ग्राम पंचायत बड़ेकनेरा के सरपंच श्री प्रकाश चुरगिया ने सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण कई वर्षों से इस सड़क को पक्का करने की मांग कर रहे थे। अब यह मांग पूरी होने जा रही है। सड़क बनने से स्कूली बच्चों सहित गांव के अन्य लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत की विभिन्न आवश्यकताओं को लेकर प्रशासन के समक्ष मांग रखी गई थी, जिनका क्रमशः निराकरण किया जा रहा है। सरपंच ने महिलाओं की सुविधा के लिए तालाब में स्नान हेतु घाट निर्माण कार्य पूरा होने पर भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कराए जा रहे विकास कार्यों से लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता सोरी, राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा, जनपद सदस्य श्रीमती फगेश्वरी कश्यप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








