10 मरीजों को एमसीआर चप्पल और सेल्फ केयर किट वितरित, नियमित स्व-देखभाल के लिए किया गया जागरूक
ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड विश्रामपुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अक्षमता एवं विकृति सुधार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुष्ठ रोग से प्रभावित 10 मरीजों को शारीरिक अक्षमता एवं विकृति से बचाव के लिए आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही उन्हें एमसीआर (माइक्रो सेलुलर रबर) चप्पल और सेल्फ केयर किट वितरित की गई।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ शिविर
शिविर का आयोजन कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. हरेंद्र बघेल के निर्देशन में किया गया। जिले में कुष्ठ रोग उन्मूलन से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएमएचओ कार्यालय के एनएमए लोकेश सोनी के प्रयासों से शिविर का सुव्यवस्थित आयोजन किया गया।
मरीजों को दी गई स्व-देखभाल की जानकारी
शिविर में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भारती ने मरीजों को एमसीआर चप्पल एवं सेल्फ केयर किट वितरित की। उन्होंने मरीजों को किट के सही उपयोग, नियमित स्व-देखभाल और आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि नियमित देखभाल और समय पर जरूरी उपाय अपनाने से कुष्ठ रोग के कारण होने वाली शारीरिक अक्षमता एवं विकृति के जोखिम को कम किया जा सकता है। इसके लिए मरीजों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और स्व-देखभाल की आदतों को नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम का रहा योगदान
शिविर के सफल आयोजन में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, सेक्टर सुपरवाइजर श्रवण साहू तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारी-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना, उन्हें शारीरिक अक्षमता एवं विकृति से बचाव के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्व-देखभाल के लिए प्रोत्साहित करना है।








